त्यूणी में दर्दनाक सड़क हादसा, 200 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन, एक की मौत

देहरादून। थाना त्यूणी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कांडा बैंड से नीचे शिव मंदिर बैंड के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अश्वनी बलूनी पुलिस बल और राहत-बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे तथा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) को भी सूचित किया गया।

घटनास्थल पर वाहन सड़क से लगभग 200 मीटर नीचे खाई में गिरा हुआ मिला। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान महेश थापा (48 वर्ष), निवासी त्यूणी के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों और एसडीआरएफ की सहायता से अन्य संभावित सवारियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। वाहन के आसपास फिलहाल अन्य कोई व्यक्ति नहीं मिला है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।