
लालगंज (रायबरेली)। रायबरेली जिले के लालगंज क्षेत्र में बांदा-टांडा हाईवे पर सोमवार देर रात बदई का पुरवा गांव के पास गिट्टी लदे डंपर (ट्रेलर) और पिकअप की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन डंपर के अगले हिस्से में फंस गया और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में पिकअप सवार चाचा-भतीजे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, हमीरपुर के कबरई से गिट्टी लादकर ट्रेलर बनारस की ओर जा रहा था, जबकि पिकअप जौनपुर से दिल्ली की तरफ जा रही थी। रात करीब 12:30 बजे बदई का पुरवा के पास दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप ट्रेलर के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गई।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद पिकअप सवारों को बाहर निकाला गया। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दिल्ली के विश्वास नगर, संजय अमर कॉलोनी शाहदरा निवासी विपिन (36), उनके चाचा अखिलेश सरोज (45) निवासी कुंवरपुर पवारा, जौनपुर और पिकअप चालक रोहित (26) निवासी मूर्ति बिहार चौक, शिकारपुर, बुलंदशहर को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि मृतक विपिन की ही पिकअप थी और वह अपने चाचा को लेकर दिल्ली जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप की रफ्तार तेज थी, तभी सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी सीधी टक्कर हो गई।
प्रमोद कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक लालगंज कोतवाली ने बताया कि मृतक के परिजन की तहरीर पर अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। ट्रेलर को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

