बंजारेवाला साधन सहकारी समिति में खाद का संकट, किसान बाजार से महंगे दामों पर खरीदने को मजबूर

बहुउद्देशीय साधन सहकारी समिति लिमिटेड, बंजारेवाला में डीएपी और यूरिया खाद का स्टॉक पिछले एक महीने से पूरी तरह खत्म है। खाद उपलब्ध न होने के कारण क्षेत्र के किसान भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। किसान रोजाना समिति पर खाद लेने पहुंच रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।

खाद की कमी के चलते किसानों को मजबूरन बाजार से डीएपी और यूरिया खाद महंगे दामों पर खरीदनी पड़ रही है। किसानों का कहना है कि अच्छी पैदावार के लिए साधन सहकारी समिति से मिलने वाली खाद बेहद उपयोगी होती है। समिति की खाद न केवल सस्ती होती है, बल्कि इसकी गुणवत्ता भी बेहतर मानी जाती है, जिससे फसलों का उत्पादन अच्छा होता है। लंबे समय से खाद उपलब्ध न होने के कारण किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

गोकुलवाला निवासी मो. असलम और कादिर ने बताया कि वे पिछले एक महीने से लगातार समिति के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। वहीं गांव तेलपुरा निवासी मेघपाल सैनी, कुशल पाल, संदीप कुमार और अरविंद कुमार ने बताया कि समिति से मिलने वाली खाद की गुणवत्ता अच्छी होती है, लेकिन समय पर आपूर्ति न होने से किसानों को नुकसान झेलना पड़ रहा है। किसानों ने विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द समिति में डीएपी और यूरिया खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि फसलों पर इसका प्रतिकूल असर न पड़े।

इस संबंध में साधन सहकारी समिति के सभापति करमजीत सिंह ने बताया कि डीएपी और यूरिया खाद की आपूर्ति को लेकर संबंधित विभाग से लगातार संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी सोमवार तक खाद का स्टॉक समिति में पहुंच जाएगा। जैसे ही खाद उपलब्ध होगी, किसानों को तुरंत वितरण किया जाएगा।