टिहरी में एक्रो फेस्टिवल व एसआईसी प्रतियोगिता का समापन, सीएम धामी ने किया योजनाओं का लोकार्पण

टिहरी में पर्यटन विकास परिषद की पहल पर आयोजित चार दिवसीय एक्रो फेस्टिवल एवं एसआईसी प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कोटी कॉलोनी पहुंचे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया और टिहरी विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि टिहरी जैसे पर्वतीय क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। एक्रो फेस्टिवल जैसे आयोजन प्रदेश को साहसिक पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने में सहायक हैं।

इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक किशोर उपाध्याय, विधायक शक्ति लाल शाह, पर्यटन सचिव धीराज गैबरियाल सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान आयोजन की सफलता पर पर्यटन विभाग और आयोजकों की सराहना की गई।

चार दिवसीय एक्रो फेस्टिवल के अंतर्गत साहसिक खेलों, प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसने पर्यटकों और स्थानीय लोगों में खास उत्साह देखने को मिला।