
देहरादून में स्पा सेंटर की आड़ में लड़कियों से गंदा काम कराने वाली महिला को पुलिस ने दो साल बाद गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। महिला नाम बदलकर रह रही थी।

देहरादून में स्पा सेंटर की आड़ में लड़कियों से गंदा काम कराने वाली संचालिका को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को आरोपी महिला की दो साल से तलाश थी। पुलिस ने उस पर पांच हजार रुपए का इनाम भी रखा था। पुलिस ने महिला को कोर्ट में पेश कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला हिमांशी उर्फ टीना, निवासी नई आबादी कोटी गेट हापुड़, लंबे समय से फरार थी। वह स्पा सेंटर का नाम और पता बदलकर अलग-अलग ठिकानों पर रह रही थी, जिससे उसकी गिरफ्तारी मुश्किल हो रही थी।
उप निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि मामले में पहले ही कई महिलाओं और पुरुषों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। संचालिका की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
गौरतलब है कि देहरादून पुलिस ने पिछले वर्षों में स्पा सेंटरों के जरिए चल रहे अनैतिक धंधों पर कई बार कार्रवाई की है। इस दौरान कई संचालकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला की गिरफ्तारी से पूरे नेटवर्क की गतिविधियों पर और अधिक जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल महिला से पूछताछ जारी है और आगे की कार्रवाई अदालत की निगरानी में की जाएगी।
