बारिश और बर्फबारी से प्रदेश में 20 सड़कें बंद, कई इलाकों में यातायात प्रभावित…

Dehradun: शुक्रवार को हुई बारिश और बर्फबारी के चलते प्रदेशभर में 20 छोटे-बड़े मार्ग बंद हो गए हैं। इनमें दो राष्ट्रीय राजमार्ग, छह राज्यमार्ग, एक मुख्य जिला मार्ग, एक अन्य जिला मार्ग सहित 10 अन्य मार्ग शामिल हैं। बंद सड़कों को खोलने के लिए संबंधित विभागों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार देहरादून जिले में सबसे अधिक मार्ग बाधित हुए हैं। यहां दो राज्यमार्ग, एक मुख्य जिला मार्ग, एक अन्य जिला मार्ग और चार ग्रामीण मार्ग बंद हैं। वहीं उत्तरकाशी जिले में दो राष्ट्रीय राजमार्ग, दो राज्यमार्ग और तीन ग्रामीण मार्ग सहित कुल सात सड़कें बंद हैं। इनमें ऋषिकेश–यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-134 राड़ीटाप से औरछाबैंड तक तथा ऋषिकेश–गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-34 गंगनानी से आगे बर्फबारी के कारण बंद है।

चमोली जिले में जोशीमठ–औली मार्ग और पौड़ी जिले में एक राज्यमार्ग बर्फबारी के कारण यातायात के लिए बंद है। पिथौरागढ़ जिले में भी तीन मार्ग अवरुद्ध बताए गए हैं।

बर्फबारी में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला गया
उत्तरकाशी जिले के विभिन्न मोटर मार्गों पर बर्फबारी और मलबा आने से फंसे वाहनों व लोगों को प्रशासन द्वारा सुरक्षित बाहर निकाला गया। उत्तरकाशी–लम्बगांव मोटर मार्ग के चौरंगी क्षेत्र में जेसीबी की मदद से फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला गया। पहले 14 लोगों को और बाद में आठ महिलाओं व बच्चों को मैगी प्वाइंट तक पहुंचाया गया। चौरंगी खाल में पूर्ति विभाग की ओर से सभी को भोजन भी कराया गया।

इसके अलावा बनचौरा–दिवारी खोल और पत्थर खोल के बीच फंसे एक वाहन से तीन लोगों को सुरक्षित निकालकर पत्थर खोल वन विभाग चौकी पहुंचाया गया। पुरोला–मोरी मोटर मार्ग के जरमोला धार में फंसी करीब 200 लोगों की गाड़ियों को सुरक्षित निकाला गया, जबकि एक टेंपो ट्रेवल्स अभी वहीं खड़ा है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगुण के पास मलबा आने से फंसे वाहनों को भी सुरक्षित निकालकर मार्ग सुचारु कराया गया