यूट्यूबर अनुराग डोभाल का भावुक वीडियो वायरल, मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद का किया जिक्र

Dehradun: उत्तराखंड के प्रसिद्ध यूट्यूबर अनुराग डोभाल का एक भावुक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह मानसिक तनाव से जूझते हुए नजर आ रहे हैं और अपने परिवार से जुड़े कई गंभीर आरोप लगाते दिखाई दे रहे हैं। अनुराग टीवी के लोकप्रिय रियलिटी शो बिग बॉस में भी प्रतिभागी रह चुके हैं।

बताया जा रहा है कि अनुराग मूल रूप से डोईवाला (उत्तराखंड) के रहने वाले हैं। वायरल वीडियो में उन्होंने कहा कि शायद यह उनका आखिरी वीडियो हो सकता है और इसके बाद वह फिर कभी वीडियो नहीं बना पाएंगे। इस बयान के बाद उनके फैंस काफी चिंतित हो गए हैं और उन्हें लेकर सोशल मीडिया पर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

वीडियो में अनुराग ने अपने जीवन के संघर्षों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब वह 14 साल के थे तब उन्हें ब्रेन ट्यूमर होने का पता चला था। उस कठिन समय में उन्होंने न सिर्फ बीमारी से लड़ाई लड़ी बल्कि अपने माता-पिता और परिवार के लिए कुछ करने का सपना भी देखा। अनुराग का कहना है कि उन्होंने परिवार की जिम्मेदारियां उठाईं और सभी के लिए बहुत कुछ किया, लेकिन अब उन्हें अपने ही परिवार से धोखा मिला है।

अनुराग ने अपनी निजी जिंदगी के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी रितिका उनसे अलग हो गई हैं। रितिका से उनकी मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी, जो पहले उनकी फैन थीं। करीब दो साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया था।

अनुराग का आरोप है कि उनका परिवार इंटरकास्ट मैरिज के खिलाफ था और शादी से छह दिन पहले ही परिवार वालों ने आने से मना कर दिया था। वीडियो में भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि अगर इस मानसिक तनाव के कारण उनके साथ कुछ गलत होता है तो उसके लिए उनके माता-पिता और भाई जिम्मेदार होंगे।

इस वीडियो के सामने आने के बाद उनके प्रशंसक लगातार उन्हें हिम्मत रखने और सकारात्मक बने रहने की सलाह दे रहे हैं।