

Haridwar : उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र में एक आश्रम में रह रहे युवक के गंगा में नहाते समय डूबने से हड़कंप मच गया। युवक दो दिन से लापता है और उसकी तलाश में जल पुलिस व एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं।

पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय नवीन चंद पाठक निवासी बागेश्वर, हरिद्वार के भूपतवाला स्थित विवेकस्थली आश्रम में पिछले तीन महीनों से रहकर पूजा-पाठ सीख रहा था।

शनिवार देर शाम नवीन परमार्थ घाट पर पूजा-अर्चना के बाद गंगा में स्नान करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने पहली और दूसरी बार डुबकी लगाई और सुरक्षित बाहर आ गया। लेकिन तीसरी बार जैसे ही वह गंगा में उतरा, तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया और लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ व जल पुलिस के साथ मिलकर सर्च अभियान शुरू किया गया। शनिवार देर शाम से लेकर रविवार तक लगातार तलाश की गई, लेकिन अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि गंगा में युवक की तलाश जारी है और टीमों को अलर्ट पर रखा गया है।
