
देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में कहा कि केंद्रीय बजट के माध्यम से उत्तराखंड में लगभग 40 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में विकास कार्य पर्यावरण संरक्षण के साथ संतुलित रूप से किए जाएंगे।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष लगाव है, इसी कारण केंद्रीय बजट में राज्य के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट उत्तराखंड जैसे राज्यों के लिए संतुलित विकास और क्षेत्रीय प्रगति की बड़ी संभावनाएं लेकर आया है।
मुख्यमंत्री ने बजट को प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि 16वें वित्त आयोग से उत्तराखंड को लगभग 1800 करोड़ रुपये अतिरिक्त मिलने की संभावना है, जिससे राज्य की आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी।
उन्होंने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग ट्रेल्स के विकास से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय गाइड्स का कौशल विकास किया जाएगा। इसके साथ ही बादाम और अखरोट जैसी नकदी फसलों को प्रोत्साहन देकर किसानों की आय बढ़ाई जाएगी।
सीएम धामी ने कहा कि स्थानीय उद्योगों के पुनर्जीवन से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। बजट को भारत के भविष्य की अर्थव्यवस्था को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में आयुष एम्स की स्थापना के लिए केंद्र सरकार से निवेदन किया जाएगा।

