रुद्रप्रयाग के जलई गांव में महिला पर भालू का हमला, गंभीर रूप से घायल…

रुद्रप्रयाग जनपद के ग्राम जलई में मंगलवार सुबह भालू के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना आज सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। घायल महिला की पहचान निशा देवी (60 वर्ष) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, निशा देवी अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास लेने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक एक भालू बाहर निकला और महिला पर हमला कर दिया। हमले में महिला बुरी तरह घायल हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्तमुनि लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग रेफर कर दिया गया।

स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सक डॉ. ज्योति शाह ने बताया कि महिला की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन शरीर में खून का थक्का जमने की आशंका के चलते बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव के आसपास गश्त बढ़ाने और भालू की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की है।