प्रदेश की 12 जिला पंचायतों को आज जिला पंचायत अध्यक्ष और 89 ब्लॉक को ब्लॉक प्रमुख मिल जाएंगे। इनमें से छह जिलों में जिपं अध्यक्ष का चुनाव होना है। एक में हाईकोर्ट की रोक के चलते घोषित नहीं होगा।

सुखविंदर कौर बनीं देहरादून जिपं अध्यक्ष
देहरादून जिला पंचायत में कांग्रेस की बड़ी जीत हुई है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर सुखविंदर कौर और उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक सिंह विजयी हुए हैं। सुखविंदर कौर को 17 वोट मिले जबकि भाजपा की मधु चौहान को 13 वोट ही मिल पाए। इसके अलावा अभिषेक अभिषेक सिंह को 18 वोट मिले जबकि प्रतिद्वंदी प्रत्याशी को 12 वोट मिले।
04:29 PM, 14-Aug-2025
पौड़ी में ये बने ब्लॉक प्रमुख
- ब्लॉक प्रमुख द्वारीखाल बनी बीना राणा
- ब्लॉक प्रमुख जहरीखाल बने रणवीर सजवाण
- ब्लॉक प्रमुख दुगड़डा बने सूरज सिंह
- ब्लॉक प्रमुखों नैनीडांडा बने प्रकीण नेगी
04:26 PM, 14-Aug-2025
टिहरी में कांग्रेस के मान सिंह रौतेला बने जिला पंचायत उपाध्यक्ष
टिहरी में कांग्रेस के मान सिंह रौतेला बने जिला पंचायत उपाध्यक्ष। मान सिंह को 26 और भाजपा के हुकम सिंह को 15 मत मिले। चार मत अवैध घोषित किए गए। टिहरी में भाजपा की इशिता सजवाण पहले ही जिला पंचायत अध्यक्ष निर्विरोध बन गई थी। लेकिन अध्यक्ष पद पर निर्विरोध जीत दर्ज करने वाली भाजपा उपाध्यक्ष के पद पर चुनाव हार गई है। उपाध्यक्ष पद पर मान सिंह की जीत से कांग्रेसियों में खुशी की लहर है। क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद पर टिहरी जिले के भिलंगना ब्लॉक में भाजपा के राजीव कंडारी ब्लॉक प्रंमुख चुने गए हैं। कंडारी को 28 मत मिले हैं। जबकि निर्दलीय राजेंद्र बिष्ट को 12 वोट पड़े। ज्येष्ठ प्रमुख पर प्यार सिंह बिष्ट ने जीत दर्ज की है, उन्हें 18 वोट मिले। जबकि उनके प्रतिद्वंदी नित्यानंद कोठियाल को 11 और प्रियंका को कुल सात वोट मिले हैं। वहां कनिष्ठ प्रमुख पद पर कृष्णा देवी ने जीत दर्ज की है। उन्हें 17 वोट मिले हैँ। जबकि उनके प्रतिद्वंदी सुरेंद्र को 11 और पूनम को 10 वोट मिले हैं। प्रतापनगर में भी भाजपा की मनीषा पंवार ब्लॉक प्रमुख निर्वाचित हुई है। नरेंद्रनगर ब्लॉक में भी बीजेपी की दीक्षा राणा बनी ब्लॉक प्रमुख।
04:24 PM, 14-Aug-2025
रुद्रप्रयाग में पूनम कटैत बनी जिला पंचायत अध्यक्ष
रुद्रप्रयाग में भाजपा की पूनम कटैत बनी जिला पंचायत अध्यक्ष। वहीं, उखीमठ में कांग्रेस के पंकज शुक्ला और विनीता चमोली बने ब्लॉक प्रमुख।
04:23 PM, 14-Aug-2025
चमोली में ये बने ब्लॉक प्रमुख
- दशौली से विनीता देवी बीजेपी
- नन्दानगर से हेमा देवी बीजेपी
- पोखरी से राजी देवी कांग्रेस
- ज्योतिर्मठ से अनूप नेगी कांग्रेस।
03:58 PM, 14-Aug-2025
दौलत बिष्ट बने चमोली जिला पंचायत अध्यक्ष
चुनाव के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। चमोली में बीजेपी के दौलत बिष्ट जिला पंचायत अध्यक्ष चुने गए हैं।
03:34 PM, 14-Aug-2025
बेतालघाट में चुनाव के दौरान गोलीबारी, एक को लगी गोली;
नैनीताल जिले के बेतालघाट ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख चुनाव से ठीक पहले हुई गोलीबारी में एक ग्रामीण के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल ग्रामीण को बेतालघाट सीएचसी ले जाया गया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया को बाधित करने के इरादे से गोलीकांड करने का आरोप लगाया है। कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।
02:48 PM, 14-Aug-2025
कई लोगों को जिला पंचायत कार्यालय के पास से ही जबरन उठा लिया
जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए मतदान करने जा रहे जिला पंचायत सदस्यों को कई लोगों ने जिला पंचायत कार्यालय के पास से ही जबरन उठा लिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। कांग्रेसियों ने पुलिस के सामने ही उनके समर्थक जिला पंचायत सदस्यों को अगवा करने का आरोप लगाया है। जिसके बाद सभी कांग्रेसी नेता हाईकोर्ट की शरण चले गए हैं। जिसके बाद नैनीताल का माहौल गर्म हो गया है।
02:32 PM, 14-Aug-2025
प्रदेश की 12 जिला पंचायतों में चुनाव
प्रदेश की 12 जिला पंचायतों को आज बृहस्पतिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष और 89 ब्लॉक को ब्लॉक प्रमुख मिल जाएंगे। इनमें से छह जिलों में जिपं अध्यक्ष का चुनाव होना है। एक में हाईकोर्ट की रोक के चलते घोषित नहीं होगा। बाकी पांच में पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है।
02:22 PM, 14-Aug-2025
उत्तराखंड में आज जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख के लिए मतदान हो रहा है। आज शाम को ही मतगणना के बाद नतीजे जारी हो जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने सुबह 10 बजे से जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के पदों के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। मतदान तीन बजे तक होगा।
मतदान एकल संक्रमणीय प्रणाली के तहत होगा, जिसमें सभी प्रत्याशियों के लिए प्राथमिकता पर वोट किया जाता है। शीर्ष प्राथमिकता वाले प्रत्याशी को विजेता घोषित किया जाएगा। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को लेकर नैनीताल में जमकर हंगामा हो रहा है।