उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में आज गुरुवार को जिला पंचायतों में अध्यक्ष उपाध्यक्ष और क्षेत्र पंचायतों में प्रमुख पदों के लिए चुनाव हुए। ऊधम सिंह नगर चंपावत पिथौरागढ़ उत्तरकाशी व टिहरी में जिला पंचायत अध्यक्ष पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। शेष पदों के लिए मतदान जारी है और परिणाम घोषित किए जा रहे हैं।

- भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रदेशभर के जिला पंचायत के 11 अध्यक्ष पदों में से 10 पदों पर भाजपा की जीत हुई है। 70 प्रतिशत ब्लाक प्रमुख व 85 प्रतिशत प्रधान पद पर भाजपा ने सफलता प्राप्त की है। उन्होंने देहरादून जिला पंचायत पर मिली हार के बारे में कहा कि इस पर मंथन किया जाएगा और हार के कारणों की समीक्षा होगी। उन्होंने कहा कि धराली व हर्षिल आपदा को देखते हुए पार्टी ने जीत पर किसी भी प्रकार का जश्न या उत्साह नहीं मनाने का फ़ैसला लिया है।
- हेवीवेट नेता सतपाल महाराज की विधानसभा में भाजपा को शिकस्त। पोखड़ा, एकेश्वर और बीरोंखाल में भाजपा प्रत्याशी हारे। तीनों जगह निर्दलीय रहे विजयी
- चमोली में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर दौलत सिंह बिष्ट 19 मत पाकर विजेता घोषित हुए वहीं विपक्षी उम्मीदवार रमा राणा को 5 मत मिले जबकि 2 मत रिजेक्ट हो गए। जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद हेतु लक्ष्मण सिंह 15 मत प्राप्त कर विजय घोषित हुए जबकि विपक्षी उम्मीदवार जयप्रकाश को 11 मत मिले।
- पिथौरागढ़ के कनालीछीना में भाजपा के महिमन कन्याल ब्लाक प्रमुख बने। महिमन को 26 मत और कांग्रेस के प्रशांत भंडारी को 7 मत मिले। भाजपा कनालीछीना सीट बचाने में सफल रही।