लखनऊ: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) की समीक्षा बैठक हुई। इस मीटिंग में प्रदेशभर से आये सुभासपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में एक बार फिर सभी की सहमति से ओम प्रकाश राजभर को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। वहीं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी राजभर ने पार्टी के सिंबल को बदल दिया है। सुभासपा का चुनाव चिन्ह अब छड़ी की जगह चाबी होगा।

सोमवार को राजधानी लखनऊ के रविंद्रालय में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने अहम बैठक बुलाई। जिसमें प्रदेशभर के सुभासपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस मीटिंग में नई कार्यकारिणी को लेकर चर्चा हुई। साथ ही यूपी में होने वाले विधानसभा उपचुनाव से पहले पार्टी को नई दिशा देने की तैयारियों पर बातचीत की गई।
वहीं बैठक में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर को एक बार फिर सभी की सहमति से पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया हैं। इसके साथ ही सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी राजभर ने अपनी पार्टी का चुनाव चिन्ह बदल दिया है। उन्होंने पार्टी का सिंबल छड़ी को बदलकर चाबी किया है। सुभासपा की इस बैठक में महंत राजू दास भी मौजूद रहे।
क्यों बदला चुनाव चिन्ह ?
आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 में सुभासपा अपने चुनाव चिन्ह छड़ी के साथ मैदान में थी। जबकि घोसी लोकसभा से सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पुत्र खुद मैदान में थे। लेकिन ज्यादा प्रत्याशी होने की वजह से वहां पर एक प्रत्याशी को चुनाव निशान हॉकी अलॉट कर दिया गया। जबकि सुभासपा का चुनाव चिन्ह छड़ी है। ऐसे में कई मतदाताओं ने शिकायत की थी कि हॉकी और छड़ी में लोग कंफ्यूज हो रहे है। वहीं चुनाव परिणाम में सुभासपा प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा था।
NEWS SOURCE Credit : lalluram