उत्तरकाशी में दर्दनाक हादसा, 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के पुरोला मोटर मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही नौगांव पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस के अनुसार, कार में एक और व्यक्ति के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जिसकी तलाश जारी है।

रेस्क्यू टीम खाई में उतरकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है।

प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें।