
देहरादून स्थित जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से बुधवार को हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल जिला जज कार्यालय को प्राप्त हुआ, जिसके बाद पूरे कोर्ट परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया।
सूचना मिलते ही एसएसपी सिटी प्रमेंद्र सिंह डोबाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सभी जजों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। एहतियातन कोर्ट परिसर के चारों ओर बैरिकेडिंग कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
प्रारंभिक जांच में जिस ईमेल आईडी से धमकी भेजी गई, उसके संबंध में पाकिस्तानी संगठन से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस और खुफिया एजेंसियां हर पहलू से जांच कर रही हैं।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने पुष्टि की कि जिला जज कार्यालय को धमकी भरा मेल मिला है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि इससे पहले हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी और नैनीताल के जिला न्यायालयों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। हालांकि जांच में अब तक कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
लगातार मिल रही धमकियों के चलते प्रदेशभर में पुलिस अलर्ट पर है। अधिकारियों का कहना है कि इसे असामाजिक तत्वों की शरारत के रूप में भी देखा जा रहा है, लेकिन सभी मामलों में गंभीरता से जांच जारी है।
