अंतरराष्ट्रीय न्यास महिला काव्य मंच की मासिक गोष्ठी में गूंजी नारी सशक्तिकरण की आवाज

रुड़की। अंतरराष्ट्रीय न्यास महिला काव्य मंच की रुड़की इकाई द्वारा फरवरी माह की मासिक काव्य गोष्ठी इकाई अध्यक्ष अर्चना त्यागी के निवास ‘उत्सव’ में गरिमामय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई। कार्यक्रम में रचनात्मक ऊर्जा और नारी शक्ति का प्रभावी स्वर सुनाई दिया।

गोष्ठी का शुभारंभ उपस्थित सदस्यों के आत्मपरिचय से हुआ। इसके पश्चात काव्य पाठ का क्रम आरंभ हुआ, जिसमें कवयित्रियों ने समाज, नारी सशक्तिकरण, देशप्रेम, भक्ति एवं मानवीय संवेदनाओं जैसे विविध विषयों पर अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक यशवीर सिंह चौधरी की धर्मपत्नी सुभाषिनी चौधरी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों की रचनाओं की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं निडर होकर अपनी प्रतिभा को सामने लाएं और साहित्य के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव की अलख जगाएं।

गोष्ठी में अनुपमा शर्मा, अनुपमा गुप्ता, शाहिदा शेख, ममता त्यागी, वीना सिंह, कविता गोयल, अलका घनशाला, अर्चना त्यागी, ममता चन्द्रा, निधि जैन, संगीता शर्मा तथा अनामिका त्यागी ने प्रभावशाली काव्य पाठ किया। सभी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को सार्थक और यादगार बना दिया।

उत्तराखंड प्रभारी सीमा शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए रुड़की इकाई की अध्यक्ष अर्चना त्यागी का सभी सदस्यों ने आभार व्यक्त किया। अंत में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई और गोष्ठी सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।