

खटीमा। क्षेत्र के बग्गा चौवन गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। जंगल में जानवर चराने गई एक बुजुर्ग महिला को बाघ ने हमला कर मार डाला। बाघ महिला के शव को करीब 30 मीटर तक घसीटकर झाड़ियों में ले गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बग्गा चौवन निवासी गोपली देवी (71), पत्नी दुर्गा सिंह, बुधवार सुबह गांव की अन्य महिलाओं के साथ जंगल में पशु चराने गई थीं। सुबह करीब साढ़े 10 बजे अचानक बाघ ने उन पर हमला कर दिया।
हमले के बाद बाघ महिला के शव को लगभग 30 मीटर दूर तक घसीटते हुए ले गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य महिलाओं में चीख-पुकार मच गई और वे किसी तरह गांव पहुंचकर लोगों को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग और वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम ने चार हवाई फायरिंग की, जिसके बाद बाघ जंगल की ओर भाग गया।
वन क्षेत्राधिकारी राजेंद्र सिंह मनराल ने बताया कि घटना सुरई वन क्षेत्र के 47 कंपार्टमेंट में हुई। उन्होंने बताया कि बाघ ने महिला के गर्दन पर हमला किया था। बाघ के लार और बालों के नमूने जांच के लिए देहरादून स्थित प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
