हरबर्टपुर में युवक का संदिग्ध शव: परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

Dehradun, हरबर्टपुर क्षेत्र में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में गंगनहर कोतवाली, रुड़की में तहरीर दी गई है। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

परिजनों के अनुसार, गंगनहर क्षेत्र के सफरपुर गांव निवासी खुशनूद ने पुलिस को बताया कि 29 मार्च को उसे गांव के एक व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने दावा किया कि उसके चचेरे भाई सादिक के पास उसकी बेटी के आपत्तिजनक फोटो हैं। इसके कुछ ही देर बाद उसी व्यक्ति ने दोबारा फोन कर बताया कि उसकी बेटी ने जहर खा लिया है और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती है, साथ ही गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

परिवार का कहना है कि जब सादिक से इस मामले में बात की गई, तो उसने बताया कि 5 अगस्त 2025 को वह लिब्बरहेड़ी गांव में एक शादी में गया था। वहां झबरेड़ा निवासी एक युवक और उसके साथियों ने उसे कमरे में ले जाकर मारपीट की, उसका मोबाइल छीनकर फोटो अपने फोन में ट्रांसफर कर लिए और उसे निर्वस्त्र कर वीडियो बना ली। आरोप है कि उसे धमकी दी गई कि यदि उसने युवती से संपर्क रखा तो फोटो-वीडियो वायरल कर उसे जान से मार दिया जाएगा।

खुशनूद के अनुसार, इसके बाद सादिक से संपर्क टूट गया और उसी दिन उसका शव हरबर्टपुर के पास पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने इसे साजिश के तहत की गई हत्या बताया है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

गंगनहर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।