
Dehradun: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत उत्तराखंड में प्री एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) गतिविधियों के अंतर्गत 1 से 15 फरवरी 2026 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बीएलओ आउटरीच अभियान के दूसरे चरण में युवा एवं महिला मतदाताओं की मैपिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के पहले चरण में प्रदेश के लगभग 75 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान मतदाता सूची की वर्ष 2003 की मतदाता सूची से तुलनात्मक मैपिंग की जा रही है, ताकि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे घर-घर पहुंचने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक जानकारी देकर सहयोग करें। निर्वाचन विभाग ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों से भी शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने का आग्रह किया है, जिससे पारदर्शिता और सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
निर्वाचन अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगामी चुनावों से पूर्व मतदाता सूची को अद्यतन और विश्वसनीय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

