हापुड़ में स्कूल बस के इंजन से उठा धुआं, 28 बच्चों को सुरक्षित उतारा गया, बड़ा हादसा टला

हापुड़:
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। हाइवे पर पिलर नंबर 65 के पास बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूल बस के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा, जिससे बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रजनी विहार मोहल्ले स्थित कोहिनूर स्कूल के छात्र परीक्षा देकर एक प्राइवेट बस से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही बस हाइवे पर पिलर नंबर 65 के पास पहुंची, चालक सीट के पास इंजन की ओर से अचानक धुआं निकलने लगा और हल्की आग भी दिखाई दी। देखते ही देखते बस के अंदर धुआं फैल गया, जिससे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई।

स्थिति को भांपते हुए चालक, परिचालक और आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस में सवार सभी 28 बच्चों को तुरंत नीचे उतार दिया। इसके बाद बस को भी मौके से हटा दिया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई बच्चा घायल नहीं हुआ, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

मौके पर मौजूद स्कूल कर्मचारियों के अनुसार बस में शॉर्ट सर्किट के कारण धुआं और आग लगने की आशंका जताई जा रही है। वहीं बस को जल्द ही मौके से हटाए जाने के कारण उसकी फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

सीओ अनीता चौहान ने बताया कि घटना की जानकारी ली जा रही है। जांच के बाद यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।