रुड़की में श्री रामनवमी पर्व धूमधाम से मनाया गया…

Roorkee: श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर गंगा घाट, रुड़की में रामनवमी का पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर भगवान श्री राम के जयकारों से गूंज उठा और दिनभर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल माता दुर्गा के विशेष पूजन के साथ हुआ। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक माता का स्नान कराया, जिसके बाद विश्व शांति और लोक कल्याण के लिए भव्य यज्ञ आयोजित किया गया। यज्ञ की पूर्णाहुति के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

दोपहर 12 बजे भगवान श्री राम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। प्रभु के बाल स्वरूप का दूध, दही, शहद और घी से पंचामृत स्नान कराया गया। इसके पश्चात उनका मनमोहक श्रृंगार कर भव्य आरती उतारी गई। भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

इसके बाद मंदिर परिसर से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान श्री राम का दरबार और बाल रूप की आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं। शोभायात्रा सिविल लाइंस, रुड़की टॉकीज, प्रेम मंदिर, अनाज मंडी और पुरानी तहसील होते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदीप बत्रा और अनीता अग्रवाल उपस्थित रहे। मंदिर समिति के अध्यक्ष सुभाष सरीन, सचिव प्रमोद जौहर सहित कई गणमान्य व्यक्ति और सैकड़ों श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल हुए।