
UP: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की ओर से की गई टिप्पणी से आहत होकर अयोध्या में तैनात उपायुक्त कर (डिप्टी कमिश्नर) प्रशांत सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे की घोषणा करते हुए प्रशांत सिंह ने कहा कि वे वर्तमान में राज्य कर विभाग में अयोध्या में डिप्टी कमिश्नर के पद पर कार्यरत हैं।

प्रशांत सिंह ने कहा कि बीते कुछ दिनों से शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ लगातार अपमानजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा, “मैं एक वेतनभोगी कर्मचारी हूं, लेकिन मेरे अंदर भी दिल है। मैं देश के संविधान, राज्य व्यवस्था और देश की एकता के लिए इन टिप्पणियों को गैर-जिम्मेदाराना मानता हूं।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत अपने-अपने पदों पर आसीन हैं और उनके खिलाफ इस तरह की टिप्पणी आहत करने वाली है। प्रशांत सिंह ने स्पष्ट किया कि वे सरकार के समर्थन में, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के समर्थन तथा शंकराचार्य के विरोध में अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा, “मैं एक नौकरीपेशा व्यक्ति हूं। मेरा जीवन इस सरकार के कारण चल रहा है, वे मेरे बॉस हैं। ऐसे में जब सरकार के मुखिया पर कोई इस तरह की टिप्पणी करता है, तो मेरा विरोध करना जरूरी है। इसी भावना के तहत मैं अपना इस्तीफा दे रहा हूं।”

