

नई टिहरी स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर में चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर ‘शक्ति संचय दिवस’ मनाया गया। इस दौरान गंगा तट पर सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

परिसर निदेशक प्रो. पीवीबी सुब्रह्मण्यम के मार्गदर्शन में छात्र रामकुंड घाट पहुंचे, जहां उन्होंने घाट और आसपास के क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया। छात्रों ने नदी किनारे पड़ी लकड़ियों को काटकर उन्हें परिसर के भोजनालय में ईंधन के रूप में उपयोग के लिए सुरक्षित रखा।
इस दौरान निदेशक ने स्वयं सफाई की कमान संभालते हुए कचरा एकत्र किया। छात्रों ने कचरे को एक स्थान पर एकत्रित कर उसका निस्तारण किया और पानी से घाट की सीढ़ियों की भी सफाई की।
निदेशक ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि गंगा जैसे पवित्र तीर्थ स्थल की सफाई करना न केवल सामाजिक जिम्मेदारी है, बल्कि यह एक पुण्य का कार्य भी है। उन्होंने सभी को गंगा तट की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ज्योतिष अध्यापक रजत गौतम क्षेत्री सहित शोध छात्र और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
