हिमाचल के कांगड़ा में स्कूल बस पलटी, 18 छात्र घायल..

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जयसिंहपुर के शिवनगर में एक निजी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार 18 विद्यार्थी घायल हो गए।

हादसे के बाद घायलों को तुरंत खैरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। इनमें से आठ छात्रों की हालत को देखते हुए उन्हें पालमपुर रेफर किया गया है। सभी घायल छात्र पहाड़ा गांव स्थित एक निजी स्कूल में अध्ययनरत बताए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस में आई तकनीकी खराबी बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।