ऋषिकेश बाईपास को मिली 1105.79 करोड़ की मंजूरी, जाम से मिलेगी बड़ी राहत

देहरादून। केंद्र सरकार ने ऋषिकेश बाईपास के फोरलेन निर्माण कार्य के लिए 1105.79 करोड़ रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक मंजूरी प्रदान कर दी है। इस 12.67 किलोमीटर लंबे बाईपास के निर्माण से ऋषिकेश शहर में यातायात जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों और प्रभावी पैरवी के चलते सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर तीनपानी फ्लाईओवर (किमी 529.750) से लेकर खरासोटे पुल (किमी 542.420) तक बाईपास निर्माण को स्वीकृति दी है।

यह बाईपास भट्टोवाला और ढालवाला गांवों से होकर गुजरेगा। परियोजना को इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एवं कंस्ट्रक्शन (EPC) मोड पर क्रियान्वित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इस परियोजना के पूर्ण होने से न केवल यातायात का दबाव कम होगा, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

मंत्रालय के अनुसार, इस परियोजना की प्रारंभिक लागत 1151.18 करोड़ रुपये आंकी गई थी, जिसे संशोधित कर 1105.79 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। परियोजना को तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और इसमें किसी भी प्रकार की लागत या समय वृद्धि स्वीकार नहीं की जाएगी।

निर्माण कार्य के लिए निविदाएं ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के माध्यम से आमंत्रित की जाएंगी। वहीं, देहरादून के क्षेत्रीय अधिकारी को इस परियोजना के लिए आहरण एवं संवितरण अधिकारी नामित किया गया है।