नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान, दो फूड वैन समेत कई सामान जब्त….

ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश प्रशासन की ओर से शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान दो फूड वैन, दो फूड कार्ट, एक काउंटर और चार ठेलियां जब्त की गईं। दो फूड वैन को आगे की कार्रवाई के लिए एआरटीओ के सुपुर्द किया गया।

नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने बताया कि तिलक रोड, हरिद्वार रोड, वीरभद्र रोड, एम्स रोड और शिवाजी नगर क्षेत्र में अतिक्रमण की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी के आधार पर नगर निगम की टीम ने अभियान चलाकर सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से खड़े वाहनों व ठेलियों को हटाया।

कार्रवाई के दौरान मिली दो फूड वैन को परिवहन विभाग की टीम को मौके पर बुलाकर उनके सुपुर्द किया गया। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।अभियान के दौरान सफाई निरीक्षक संतोष गुसाईं, अभिषेक मल्होत्रा, राहुल, शुभम, नीरज सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही।