राजपुर रोड गोलीकांड से दहला दून, 11 दिन में तीसरी दिनदहाड़े हत्या से दहशत..

Dehradun: गुंजन हत्याकांड, अर्जुन हत्याकांड और अब विक्रम शर्मा की हत्या के साथ ही दून में शांति और सुकून पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पॉश इलाके में शुमार राजपुर रोड पर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हुए गोलीकांड से राजधानी में एक बार फिर सनसनी फैल गई। देहरादून में 11 दिन के भीतर दिनदहाड़े हत्या की यह तीसरी घटना है, जिससे पूरे शहर में दहशत का माहौल है।

घटना की खबर फैलते ही दूनवासियों की जुबान पर एक ही सवाल था—आखिर शांत वादियों में बसे इस शहर में हो क्या रहा है? लगातार सिलसिलेवार हो रही आपराधिक घटनाओं के बाद लोग पूछ रहे हैं कि शांत माने जाने वाले शहर में अपराधी इतने बेखौफ कैसे हो गए। शहरवासी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराध पर सख्ती से लगाम लगाने की मांग कर रहे हैं, ताकि देहरादून फिर से अपनी पुरानी शांति और सुरक्षित माहौल के लिए जाना जा सके।

विक्रम शर्मा हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर दिनभर सुरक्षा को लेकर सवाल उठते रहे। लोगों ने फोटो और वीडियो साझा कर चिंता जताई और कानून-व्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त की। नागरिकों का कहना है कि बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने शहर की छवि को धूमिल कर दिया है और अपराधियों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं।

लगातार हो रही हत्याओं का असर बाजारों में भी दिखाई दिया। शुक्रवार को पलटन बाजार, मच्छी बाजार और तिब्बती मार्केट समेत कई प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। व्यापारियों के अनुसार ग्राहक बाजार आने से डर रहे हैं। तिब्बती मार्केट में लोग खरीदारी से ज्यादा घटनास्थल देखने पहुंच रहे हैं। व्यापारियों ने बताया कि घटना के बाद व्यापार में काफी गिरावट आई है और लोग भय के कारण बाजार से दूरी बना रहे हैं।