
हरिद्वार। शांतिकुंज हरिद्वार में आयोजित अखंड दीप शताब्दी महोत्सव में बड़ी संख्या में अनुयायियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार को दो स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें हरिद्वार–दिल्ली शाहदरा–हरिद्वार तथा हरिद्वार–लखनऊ–हरिद्वार मार्ग पर चलाई जाएंगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि 04305–06 हरिद्वार–लखनऊ स्पेशल ट्रेन 22 जनवरी को दोपहर 12:55 बजे हरिद्वार रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन लक्सर, नजीबाबाद, नगीना, धामपुर, स्योहारा, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, आंझी शाहबाद, हरदोई और बालामऊ होते हुए रात 11:45 बजे लखनऊ पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 23 जनवरी को रात 12:20 बजे लखनऊ से प्रस्थान कर इन्हीं स्टेशनों से गुजरते हुए सुबह 8:45 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।
इसके अलावा 04303–04 हरिद्वार–दिल्ली शाहदरा स्पेशल ट्रेन बृहस्पतिवार को दोपहर 2 बजे हरिद्वार से चलकर रुड़की, सहारनपुर, मेरठ शहर और गाजियाबाद होते हुए रात 8 बजे दिल्ली शाहदरा पहुंचेगी। यह ट्रेन रात 9 बजे दिल्ली शाहदरा से वापसी के लिए रवाना होकर रात 2 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।
सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता के अनुसार, इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से हरिद्वार से लक्सर, मुरादाबाद होते हुए लखनऊ तथा रुड़की, सहारनपुर होते हुए दिल्ली जाने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी।

