कुंभ मेला-2027 की तैयारियां तेज, सचिव नितेश कुमार झा ने किया स्थलीय निरीक्षण

Haridwar: आगामी कुंभ मेला-2027 को लेकर शासन-प्रशासन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में शहरी विकास तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव नितेश कुमार झा ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर प्रस्तावित कुम्भ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र में प्रस्तावित आधारभूत सुविधाओं, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और डिजिटल मॉनिटरिंग से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं।

सचिव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर समन्वय पर जोर दिया और कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन के लिए बहु-विभागीय तालमेल आवश्यक है। उन्होंने आईटी आधारित निगरानी प्रणाली को सुदृढ़ करने, कंट्रोल रूम की व्यवस्था बेहतर बनाने और भीड़ प्रबंधन के लिए आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विशेष बल दिया।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मेला क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। शासन का लक्ष्य है कि कुंभ मेला-2027 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और स्वच्छ आयोजन के रूप में स्थापित किया जाए।