मुस्लिम यूनिवर्सिटी बयान पर सियासत तेज, कांग्रेस का मुख्यमंत्री पर पलटवार…

Dehradun : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुस्लिम यूनिवर्सिटी को लेकर दिए गए बयान पर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए तीखा पलटवार किया है।

कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा कांग्रेस पर झूठा आरोप लगा रही है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि कोई हरीश रावत का मुस्लिम यूनिवर्सिटी के समर्थन में बयान दिखा दे, तो वह राजनीति छोड़ देंगे।

प्रीतम सिंह ने कहा कि वर्ष 2002 में कांग्रेस सरकार बनने के बाद शैक्षिक संस्थानों के लिए भूमि लीज पर दी गई थी, जो सरकारों की सामान्य प्रक्रिया रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब बड़े उद्योगपतियों को जमीन दी जाती है तो उस पर कोई सवाल नहीं उठता, लेकिन कांग्रेस पर अनावश्यक आरोप लगाए जा रहे हैं।

उन्होंने सरकार पर डाकपत्थर में कौड़ियों के दाम पर जमीन बेचने का आरोप लगाया। साथ ही मसूरी के जॉर्ज एवरेस्ट क्षेत्र में अरबों रुपये की संपत्ति को कम कीमत पर देने का भी आरोप लगाया और इसे बड़ा भ्रष्टाचार बताया।

प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा के पास चुनाव लड़ने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए मुस्लिम यूनिवर्सिटी जैसे विषय को उछाला जा रहा है।