रुड़की। कन्हैयालाल डीएवी कॉलेज के प्राचार्य और कांग्रेस महानगर अध्यक्ष के बीच तीखी नोक झोंक हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उनके बीच में बीच बचाव किया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर धरने पर बैठे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के समर्थन में कॉलेज पहुंचे थे
रुड़की के कन्हैयालाल डीएवी कॉलेज में शिक्षक और कर्मचारी सात माह से वेतन न मिलने पर 27 सितंबर को होने वाले छात्र संघ चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दे चुके है । वहीं एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आशीष चौधरी और कार्यकर्ता चुनाव करवाए जाने की मांग लगातार कर रहे हैं। आज उनके द्वारा कॉलेज के बाहर धरना देकर सांकेतिक रूप से तालाबंदी की गई।
वहीं कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष एडवोकेट चौधरी राजेंद्र सिंह उनके समर्थन में कॉलेज पहुंच गए। वह सभी एकत्र होकर प्राचार्य एमपी सिंह और शिक्षकों से वार्ता करने कॉलेज में बैठे थे। वार्ता के दौरान महानगर अध्यक्ष और एमपी सिंह के बीच तीखी नोक झोंक शुरू हो गई। बताया गया है कि महानगर अध्यक्ष ने कुछ पुराने मामले में प्राचार्य पर आरोप लगाए।
इतना सुनते ही प्राचार्य भी भड़क गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर नोक झोंक शुरू हो गई। दोनों अपनी कुर्सियों से खड़े हो गए और माहौल काफी गर्मा गया। यहां तक कि प्राचार्य ने इस्तीफा देने की धमकी भी दे डाली।जहां प्राचार्य ने महानगर अध्यक्ष पर अभद्रता का आरोप लगाया तो वहीं महानगर अध्यक्ष ने भी उनके साथ अभद्रता का आरोप प्राचार्य पर लगाया है। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों और कॉलेज स्टाफ ने उनके बीच में बीच बचाव करवाया। वहीं बाद में कार्यकर्ता ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कार्यालय गए।
