

पिथौरागढ़। जनपद मुख्यालय के निकट गणकोट क्षेत्र के सुकोली गांव निवासी 19 कुमाऊं रेजिमेंट के लांस नायक विकास कुमार सिक्किम में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। वह सीमा पर गश्त करते समय हिमस्खलन की चपेट में आ गए। इस दुखद घटना से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकास कुमार बीते 29 मार्च को अपने दो साथियों के साथ सीमा क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान अचानक हिमस्खलन हो गया, जिसकी चपेट में आकर वह शहीद हो गए। उनके दोनों साथी सुरक्षित बच गए।
शहीद विकास कुमार अपने पीछे पत्नी प्रीति, 8 माह का बेटा, पिता गणेश राम, माता मंजू देवी और बड़े भाई को छोड़ गए हैं। उनकी माता मंजू देवी भोजन माता के पद पर कार्यरत हैं।
सूत्रों के अनुसार, शहीद का पार्थिव शरीर जम्मू-कश्मीर से हवाई मार्ग के जरिए दिल्ली लाया जा रहा है। इसके बाद एंबुलेंस से उनके पैतृक गांव सुकोली पहुंचाया जाएगा। पार्थिव शरीर के गुरुवार तक पिथौरागढ़ पहुंचने की संभावना है।
जवान के शहीद होने की खबर मिलते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों में गहरा दुःख व्याप्त है।
