
Dehradun: उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू हुए एक वर्ष पूरा होने पर सियासत तेज हो गई है। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने यूसीसी को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यूसीसी सनातन धर्म पर सीधा हमला है और बीजेपी चाहे इसकी कितनी भी तारीफ कर ले, इससे सच्चाई नहीं बदलने वाली है।

हरीश रावत ने कहा कि यूसीसी सनातन परंपराओं और धार्मिक स्वतंत्रता के खिलाफ एक कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के पास जनता से बात करने के लिए कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं बचा है, इसलिए ऐसे मुद्दों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में बढ़ता पलायन, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून-व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दों पर बीजेपी के पास कोई जवाब नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन जमीनी समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए यूसीसी जैसे विषयों को प्रचारित किया जा रहा है।

