प्रदेश में एलपीजी की पर्याप्त सप्लाई, कृत्रिम अभाव पर सख्त कार्रवाई: मंत्री रेखा आर्या

देहरादून। प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी जिले में किल्लत जैसी स्थिति नहीं है। यह बात खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को एलपीजी की मांग और सप्लाई को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक के बाद कही।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति या एजेंसी कृत्रिम अभाव पैदा करने की कोशिश करती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 35,55,559 घरेलू एलपीजी कनेक्शन और 60,976 कमर्शियल कनेक्शन हैं। वर्तमान में 80,861 घरेलू गैस सिलेंडर और 12,146 कमर्शियल सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जबकि रोजाना सप्लाई भी सुचारू रूप से पहुंच रही है।

रेखा आर्या ने कहा कि घरेलू सिलेंडरों की डिलीवरी में कहीं भी कोई समस्या नहीं है। उन्होंने सभी जिला पूर्ति अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में गैस एजेंसी या स्टोर रूम से सीधे सिलेंडर न दिए जाएं, बल्कि सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार की एसओपी के अनुसार अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को कमर्शियल गैस सिलेंडरों की नियमित सप्लाई जारी है। साथ ही, जो व्यवसायी कमर्शियल कनेक्शन लेना चाहते हैं, उन्हें आवेदन के 24 घंटे के भीतर कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश गैस कंपनियों को दिए गए हैं।

प्रदेश सरकार कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है। अब तक प्रदेश में 173 स्थानों पर छापेमारी की जा चुकी है और 15 एफआईआर दर्ज की गई हैं।

इसके अलावा, प्रदेश में पीएनजी कनेक्शन को तेजी से बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिखकर पीएनजी लाइन के लिए जल्द एनओसी जारी करने का अनुरोध किया जाएगा।