38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को जल्द मिलेगी सरकारी नौकरी, 243 खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ

Dehradun : 38वें राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन कर 103 पदक जीतकर इतिहास रचने वाले उत्तराखंड के 243 खिलाड़ियों को जल्द ही सरकारी नौकरी मिलने जा रही है। विशेष प्रमुख सचिव (खेल) अमित सिन्हा के अनुसार, खिलाड़ियों की नियुक्ति को लेकर कार्मिक विभाग से मंजूरी मिल चुकी है और अब प्रस्ताव वित्त विभाग के पास भेजा गया है।

उत्तराखंड ने पिछले वर्ष 28 जनवरी से 24 फरवरी तक आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया था। खासतौर पर मुक्केबाजी, ताइक्वांडो और एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।

राज्य की बेटी अंकिता ध्यानी ने 5000 मीटर दौड़ और 3000 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। वहीं, निवेदिता कार्की, कपिल पोखरिया और नरेंद्र ने मुक्केबाजी में तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। ताइक्वांडो में पूजा ने भी स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। इसके अलावा अन्य खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई घोषणा और खेल नीति में प्रावधान होने के बावजूद अब तक खिलाड़ियों को नौकरी नहीं मिल पाई थी, जिससे खिलाड़ियों में निराशा थी। हालांकि अब प्रक्रिया तेज हो गई है और जल्द ही नियुक्तियां होने की उम्मीद है।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने भी इस संबंध में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को पत्र लिखकर खिलाड़ियों को सीधे सरकारी नौकरी देने की मांग की थी। उन्होंने सुझाव दिया कि खिलाड़ियों के लिए पद खेल विभाग में ही सृजित किए जाएं।

खेल विभाग द्वारा भेजे गए प्रस्ताव में 243 पद सृजित करने की बात कही गई है। इनमें खेल विभाग के साथ-साथ पुलिस, वन समेत कुल छह विभागों में पद सृजित करने या अन्य विभागों में समायोजन का विकल्प भी शामिल है।

अब वित्त विभाग की मंजूरी मिलते ही पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा।