टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक चोरी करने वाला MBA छात्र गिरफ्तार, छह महंगी मोटरसाइकिल बरामद

Delhi : रोहिणी जिले के विजय विहार थाना पुलिस ने शोरूम से टेस्ट ड्राइव के बहाने महंगी बाइक चोरी करने वाले एक MBA छात्र को भलस्वा इलाके से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से छह महंगी मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने शोरूम को टेस्ट ड्राइव वाली बाइकों में GPS ट्रैकर लगाने की सलाह दी थी, जिसके जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई गई।

जिला पुलिस उपायुक्त शशांक जयसवाल ने बताया कि 19 मार्च को विजय विहार स्थित रॉयल एनफील्ड शोरूम से बाइक चोरी की शिकायत मिली थी। सेल्सपर्सन दीपक खन्ना ने बताया कि एक युवक टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक लेकर गया और वापस नहीं लौटा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

थाना प्रभारी मनोहर लाल के नेतृत्व में टीम ने जांच के दौरान पाया कि बाइक में GPS ट्रैकर लगा हुआ था। ट्रैकिंग के जरिए बाइक की लोकेशन भलस्वा डेयरी क्षेत्र में मिली। इसके बाद तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी पुनीत सतीजा को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर बुराड़ी इलाके से पांच और महंगी बाइक बरामद की गईं।

कारोबार में नुकसान के बाद बना चोर:
पुलिस के अनुसार 29 वर्षीय पुनीत सतीजा हरियाणा के रेवाड़ी का रहने वाला है और MBA की पढ़ाई कर रहा है। बीबीए के दौरान उसने एक रॉयल एनफील्ड शोरूम में छह माह की इंटर्नशिप भी की थी। उसके पिता का कार एक्सेसरीज का कारोबार था, जिसे उसने दोबारा शुरू किया लेकिन करीब 25 लाख रुपये का नुकसान होने के कारण वह आर्थिक तंगी में आ गया।

आर्थिक संकट के चलते उसने चोरी का रास्ता अपनाया। वह नकली पहचान पत्र के जरिए शोरूम में ग्राहक बनकर जाता और टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक लेकर फरार हो जाता। पुलिस के मुताबिक वह चोरी की बाइक को 60 हजार से एक लाख रुपये में बेच देता था।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने 13 दिसंबर 2025 को पहली वारदात को अंजाम दिया और इसके बाद से दिल्ली और गुरुग्राम में अब तक नौ बाइक चोरी कर चुका है। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है।