अंकिता भंडारी हत्याकांड: न्याय यात्रा को लेकर 8 फरवरी को होगी महापंचायत

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर आगामी आठ फरवरी को प्रस्तावित महापंचायत के संबंध में शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के आवास पर इंडिया गठबंधन से जुड़े राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में न्याय यात्रा की रणनीति और आगे की कार्ययोजना पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की पहल पर आयोजित बैठक में तय किया गया कि जब तक हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। इंडिया गठबंधन के नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार वीआईपी को बचाने का प्रयास कर रही है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि न्याय की लड़ाई को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा तथा जनता को महापंचायत के माध्यम से एकजुट किया जाएगा।

3 फरवरी को होगी अगली बैठक

इंडिया गठबंधन ने बताया कि न्याय यात्रा से संबंधित अगली बैठक तीन फरवरी को समाजवादी पार्टी के कार्यालय में आयोजित की जाएगी।

बैठक में न्याय मंच की संयोजक कमला पंत और निर्मला बिष्ट, समाजवादी पार्टी के डॉ. एस.एन. सचान, पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, सीपीआई (एम) नेता राजेंद्र सिंह नेगी, कांग्रेस नेता सुरेंद्र कुमार, सामाजिक संगठनों की ओर से रवि चोपड़ा और जगदीश कुकरेती, सीपीएम (माले) नेता इंद्रेश मैखुरी, एसएस रजवार, मनमोहन सहित कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे