

रुड़की। चंद्रशेखर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन मूल्यों से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी और पूजा-अर्चना के साथ हुई। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी राधा-कृष्ण की वेशभूषा में आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेशों पर आधारित गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर विद्यालय परिसर को भक्तिमय बना दिया।
मटकी फोड़ प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानव पिरामिड बनाया और ऊंचाई पर लटकी मटकी को फोड़ने का प्रयास किया। मटकी फूटते ही पूरा विद्यालय परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारों से गूंज उठा। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने प्रतियोगिता का जमकर आनंद लिया।
श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपनाने का आह्वान
विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम चंद्रा ने विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, कर्म, प्रेम, मित्रता और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधक अभिषेक चंद्रा और प्रधानाचार्या पूनम चंद्रा ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। संपूर्ण आयोजन आनंद, उमंग और भक्ति के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
