
अलीगढ़। जिले में पारिवारिक रिश्तों से जुड़ा एक और मामला सामने आया है। अतरौली क्षेत्र में बेटे की शादी से पहले एक महिला अपने भांजे के साथ चली गई। पति ने थाने में तहरीर देकर पत्नी की बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित पति के अनुसार, पालीमुकीमपुर क्षेत्र के एक गांव में उसका भांजा रहता है और उसका घर पर आना-जाना था। 25 जनवरी को उसकी पत्नी मायके गई थी। आरोप है कि लौटते समय भांजा विक्रम उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। तब से महिला का कोई सुराग नहीं लगा है।
जेवर और नकदी साथ ले जाने का आरोप
पति ने बताया कि 8 मार्च को बेटे की शादी तय है। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। आरोप है कि महिला मायके से बेटे की शादी के लिए खरीदे गए मंगलसूत्र, चेन, पायजेब, अंगूठी समेत करीब एक लाख रुपये नकद लेकर लौट रही थी, जिन्हें लेकर वह भांजे के साथ चली गई।
इस मामले में विक्रम, केहरी, सुनीता, रूपकला, अजय, रेखा, मूलचंद, सेंकी और पप्पू को नामजद किया गया है। थाना प्रभारी रवि चंद्रवाल ने बताया कि संबंधित मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाया गया है और महिला की बरामदगी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
अलीगढ़ में पहले भी चर्चा में रहा सास-दामाद प्रकरण
गौरतलब है कि हाल ही में अलीगढ़ जिले में सास-दामाद का एक मामला चर्चा में रहा था। दादों थाना क्षेत्र में एक युवती की शादी तय होने के बाद उसकी मां अपने होने वाले दामाद के साथ चली गई थी। बाद में दोनों लौटे तो पुलिस ने महिला को दामाद के सुपुर्द कर दिया था।
करीब दस माह बाद दामाद ने आरोप लगाया कि महिला अब अपने बहनोई के साथ चली गई है। यह मामला अभी भी क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
