इमलीखेड़ा नगर पंचायत ने प्राचीन शिव मंदिर के पास आठ बीघा सरकारी भूमि कराई कब्जामुक्त…

इमलीखेड़ा नगर पंचायत ने स्वच्छता और सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्राचीन शिव मंदिर के समीप स्थित लगभग आठ बीघा सरकारी भूमि को कब्जामुक्त करा लिया है। लंबे समय से इस भूमि पर कूड़ा-कचरा और गोबर डाले जाने के कारण गहरे गड्ढे बन गए थे, जिससे क्षेत्र की स्वच्छता और सुंदरता प्रभावित हो रही थी।

नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार सैनी ने बताया कि नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से ट्रैक्टर की सहायता से भूमि से कूड़ा हटवाकर उसे समतल कराया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि कब्जामुक्त कराई गई इस भूमि पर आगामी शिवरात्रि के अवसर पर भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ दंगल, कबड्डी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके अलावा इसी स्थल पर रामलीला मंचन भी कराया जाएगा।

अध्यक्ष ने कहा कि भूमि के कब्जामुक्त होने से प्राचीन शिव मंदिर के आसपास का क्षेत्र अब पहले से अधिक स्वच्छ और आकर्षक दिखाई देगा। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि नगर को साफ-सुथरा बनाए रखने में नगर पंचायत का सहयोग करें और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाएं।

नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी मंजू चौहान ने कहा कि नगर पंचायत की सरकारी संपत्तियों पर हो रहे अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि कूड़ा केवल निर्धारित वाहनों में ही डालें और स्वच्छता नियमों का पालन करें।

इस अवसर पर सभासद अजय कुमार, अभिषेक, सचिन पाल, मेहरबान, सौरभ, शिवकुमार, नितिन कुमार सहित नगर पंचायत के कर्मचारी उपस्थित रहे।