मशहूर असमिया गायक जुबीन गर्ग का सिंगापुर में दुखद दुर्घटना में निधन हो गया। वह स्कूबा डाइविंग कर रहे थे तभी हादसे का शिकार हो गए। सिंगापुर पुलिस ने उन्हें बचाया और पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया। काफी मशक्कत के बावजूद, डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए। वह 52 साल के थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी थीं।

जारी हुया बयान
नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल के आयोजकों की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया ‘हम गहरे दुख के साथ जुबीन गर्ग के निधन की खबर साझा कर रहे हैं। स्कूबा डाइविंग करते समय उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई और उन्हें तुरंत सीपीआर दिया गया। उन्हें सिंगापुर जनरल अस्पताल ले जाया गया। उन्हें बचाने के तमाम प्रयासों के बावजूद, दोपहर करीब 2.30 बजे आईसीयू में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।’
प्रदर्शन से पहले निधन
जुबीन गर्ग नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में भाग लेने के लिए सिंगापुर में थे। यहां उन्हें 20 सितंबर को प्रदर्शन करना था। उनकी अचानक मृत्यु ने प्रशंसकों और पूरे असमिया समुदाय को हैरान कर दिया है। उनके जाने से भारतीय संगीत उद्योग में एक गहरा शून्य पैदा हो गया है।
बॉलीवुड के लिए गाए मशहूर गाने
जुबीन गर्ग ने साल 2006 में रिलीज हुई फिल्म ‘गैंगस्टर’ का गाना ‘या अली’ गाया था। इस गाने से वह काफी मशहूर हुए थे। उन्होंने साल 2002 में रलीज हुई फिल्म ‘कांटे’ का गाना ‘जाने क्या होगा रामा रे’ गाया था। इसके अलावा उन्होंने ‘नमस्ते लंदन’ का गाना ‘दिलरुबा’ गाया था।
चाहने वाले मना रहे शोक
जुबीन गर्ग को असम, पूर्वोत्तर और दूसरी जगहों से श्रद्धांजलि दी जा रही है और उनके लिए संवेदनाएं जताई जा रही हैं। जुबीन गर्ग इस क्षेत्र के सबसे लोकप्रिय कलाकारों में एक थे। ऐसे में लोग उनके निधन पर शोक मना रहे हैं।