
वृंदावन के चैतन्य विहार कॉलोनी स्थित राजकीय बालिका संरक्षण गृह से सोमवार रात पांच लड़कियां फरार हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही संरक्षण गृह में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर एसएसपी श्लोक कुमार पुलिस बल व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और जांच के साथ ही लड़कियों की तलाश शुरू कराई।

संरक्षण गृह की अधीक्षिका गायत्री मिश्रा ने पुलिस को बताया कि 14 से 17 वर्ष आयु की पांच लड़कियां रात करीब 10:30 बजे से 11 बजे के बीच गायब हो गईं। हैरानी की बात यह है कि सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड की मौजूदगी के बावजूद लड़कियां फरार हो गईं। सीसीटीवी फुटेज में लड़कियां कंबल ओढ़कर बाहर निकलती हुई दिखाई दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, फरार हुई पांच लड़कियों में से दो अपने घर सुरक्षित पहुंच चुकी हैं, जबकि शेष तीन लड़कियों के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस उनकी तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है और परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संरक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच शुरू कर दी है।

