खेतों में चोरी से किसान परेशान, भाकियू कार्यकर्ताओं ने कोतवाली में जताया आक्रोश

Roorkee कोतवाली क्षेत्र। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। 28 जनवरी की रात चोरों ने अलग-अलग गांवों में किसानों के खेतों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया। इन घटनाओं के विरोध में शुक्रवार शाम भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, मंडावली गांव निवासी किसान नीटू, मोंटी और महाराज सिंह के खेतों से सिंचाई में इस्तेमाल होने वाली मोटरें चोरी कर ली गईं। वहीं, दहियाकी गांव में किसान अनिल और राजीव के खेतों से भी चोर मोटरें ले उड़े। ग्राम तांशीपुर में चोरों ने मोटर के साथ-साथ फसल को भी नुकसान पहुंचाया।

इसके अलावा, किसान अंकुर और अमित त्यागी के खेतों से चोर ईख (गन्ना) काटकर ले गए। किसानों का कहना है कि सर्द मौसम में कड़ी मेहनत से तैयार की गई फसल पर इस तरह की वारदातें उनकी आजीविका पर सीधा असर डाल रही हैं।

शुक्रवार शाम भाकियू मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी और जिलाध्यक्ष विजय शास्त्री के नेतृत्व में किसान कोतवाली पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पुलिस गश्त की कमी के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। इस पर कोतवाल अमरजीत सिंह ने किसानों को जल्द ही मामलों के खुलासे और कार्रवाई का आश्वासन दिया।