जौलीग्रांट एयरपोर्ट की फर्जी हेल्पलाइन में फंसा परिवार, 1.63 लाख रुपये की ठगी

देहरादून। जौलीग्रांट एयरपोर्ट की फर्जी हेल्पलाइन के जरिए ठगों ने एक परिवार से कुल ₹1,63,000 ठग लिए। शुक्रवार को पीड़ित अरविंद कृष्ण गुप्ता ने बसंत विहार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।

शिकायत में बताया गया कि जीएमएस रोड स्थित वंसुधरा अपार्टमेंट निवासी अरविंद कृष्ण गुप्ता का सामान एयरपोर्ट पर छूट गया था। उनकी पत्नी ने गूगल पर एयरपोर्ट का हेल्पलाइन नंबर सर्च किया और कॉल किया। कॉल पर सामने वाले ने कहा कि केवल पांच रुपये का ऑनलाइन भुगतान करने पर सामान घर पहुंचा दिया जाएगा।

झांसे में आकर पत्नी ने यूपीआई के माध्यम से पांच रुपये भेजे। इसके बाद ठग ने दावा किया कि भुगतान नहीं हुआ और दोबारा पांच रुपये भेजने को कहा। इस बार पति के मोबाइल से भी पांच रुपये भेज दिए गए।

पीड़ित ने बताया कि इसके तुरंत बाद दोनों मोबाइल फोन हैक हो गए और बैंकिंग ऐप गायब हो गए। ठगों ने इसी दौरान उनके तीन अलग-अलग बैंक खातों से कुल ₹1,63,000 निकाल लिए।

पीड़ित ने उसी दिन सुबह 10:45 बजे नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई। बसंत विहार थाना प्रभारी अशोक राठौर ने बताया कि मामले की जांच जारी है और साइबर सेल भी इस पर सक्रिय है।