

रुड़की (रिपोर्ट):
चारधाम यात्रा के नजदीक आते ही टैक्सी चालकों में उत्साह बढ़ने लगा है। हर साल की तरह इस बार भी चालक इस यात्रा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि यह सीजन उनके लिए सबसे अधिक काम और आमदनी लेकर आता है।

यात्रा सीजन को ध्यान में रखते हुए चालक अपनी गाड़ियों की मरम्मत, सर्विसिंग और जरूरी दस्तावेजों को अपडेट करने में जुट गए हैं। सीजन शुरू होते ही स्थानीय टैक्सी मालिक और चालक हरिद्वार का रुख करेंगे, जहां से यात्रा का संचालन होता है। इस दौरान प्रतिदिन का किराया लगभग तीन हजार रुपये बताया जा रहा है।
रुड़की टैक्सी ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने बताया कि शहर के करीब 31 चालक इस बार यात्रा को लेकर काफी उत्साहित हैं और सभी अपनी गाड़ियों को पूरी तरह फिट करने में लगे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि अब चालक सोशल मीडिया का भी सहारा ले रहे हैं। व्हाट्सएप, फेसबुक और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए वे यात्रियों से सीधे संपर्क कर अपनी सेवाओं का प्रचार कर रहे हैं, जिससे यात्रा शुरू होने से पहले ही बुकिंग मिलने की संभावना बढ़ गई है।
टैक्सी मालिक कुणाल ने कहा कि चारधाम यात्रा उनके लिए साल का सबसे अहम समय होता है और अब सोशल मीडिया के जरिए उन्हें आसानी से ग्राहक मिल रहे हैं।
वहीं चालक श्रीकांत गौतम का कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ने उनके काम को सरल बना दिया है और अब उन्हें दलालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।
