पुहाना सर्विस मार्ग पर जलभराव से जनजीवन प्रभावित, नाली निर्माण में लापरवाही बनी समस्या

चुड़ियाला/पुहाना। हाईवे के सर्विस मार्ग पर नाली का निर्माण सही ढंग से न होने के कारण क्षेत्र में लगातार जलभराव की समस्या बनी हुई है। इससे न केवल स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि वाहनों की आवाजाही भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन जाने से कई बार वाहन फंस जाते हैं, जिससे लंबा जाम लग जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

पुहाना के दुकानदार शहजाद और तासीन ने बताया कि दिसंबर और जनवरी माह में भी जलभराव के कारण इस मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। उस समय जेसीबी की मदद से अस्थायी रूप से पानी निकाला गया था, जिसके बाद यातायात सुचारु हो पाया था। लेकिन अब फिर से स्थिति पहले जैसी हो गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश और अन्य स्रोतों के पानी की निकासी के लिए नाली का उचित निर्माण न होने के कारण सड़क किनारे पानी जमा हो जाता है। इससे न केवल आवागमन बाधित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।

इस संबंध में भगवानपुर विधायक ममता राकेश ने बताया कि पुहाना में नाली के सही निर्माण के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को कई बार मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।

स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि इस समस्या से निजात मिल सके।