ढंडेरा नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश नेगी की भाजपा में वापसी, शनिवार को सदस्यता ग्रहण समारोह

ढंडेरा नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश नेगी एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी में वापसी करने जा रहे हैं। वह शनिवार को अपने भारी समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इसको लेकर क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और ढंडेरा में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं।

जानकारी के अनुसार, राजमहल, ढंडेरा में सदस्यता ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सतीश नेगी के साथ कई अन्य नेता भी भाजपा में शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक, पूर्व जिला पंचायत सदस्य और निर्दलीय प्रत्याशी रह चुके बबलू राणा के भी भाजपा में शामिल होने की संभावना है।

सतीश नेगी का कहना है कि वह और उनका परिवार हमेशा से भाजपा से जुड़े रहे हैं। नगर पंचायत चुनाव में टिकट न मिलने और क्षेत्रीय जनता के दबाव के चलते उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत हासिल की, लेकिन पार्टी के प्रति उनका जुड़ाव कभी कम नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि “परिवार में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन परिवार से अलग नहीं हुआ जा सकता। मैं दूर रहते हुए भी दिल से हमेशा भाजपाई रहा हूं।”

करीब डेढ़ साल बाद हो रही इस वापसी को लेकर उनके समर्थकों में खासा उत्साह है। सतीश नेगी ने बताया कि समर्थकों की सलाह के बाद ही उन्होंने भाजपा में लौटने का निर्णय लिया है और बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल होंगे।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यही कारण है कि जनता में भाजपा के प्रति उत्साह लगातार बढ़ रहा है।