
कल्याणपुर- थारू जनजाति की प्रसिद्ध लोक गायिका रिंकू राणा की गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस दुखद घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार नौगजा, कल्याणपुर निवासी 33 वर्षीय रिंकू राणा, पत्नी महेश राणा, होली खेलने के लिए स्कूटी से अपने मायके बिचपुरी खैरना गई थीं। गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह सड़क किनारे स्कूटी खड़ी कर किसी से बात कर रही थीं। उस समय उनके साथ उनकी भतीजी जिया राणा भी मौजूद थी।
इसी दौरान तेज गति से आ रहे ईंटों से ओवरलोड एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में रिंकू राणा गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल रिंकू राणा को तुरंत सितारगंज उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनकी भतीजी जिया राणा को मामूली चोटें आईं और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। वहीं शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया गया है। परिजनों के अनुसार रिंकू राणा का एक बेटा है, जो चौथी कक्षा में पढ़ता है।
