खेत किनारे पेड़ के नीचे बच्ची और चाचा के शव, पेड़ से लटका मिला महिला का शव; हत्या या आत्महत्या पर जांच

UP खुर्जा:
खुर्जा क्षेत्र के नेहरूपुर गांव में रेलवे लाइन के पास एक पेड़ के नीचे पांच साल की बच्ची सावंती और उसके चाचा सरल (28) के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं उसी पेड़ पर बच्ची की मां देवी सरकार (32) का शव रस्सी के फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

घटना की सूचना शुक्रवार सुबह रेलवे के कीमैन ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह, सीओ खुर्जा शोभित कुमार और खुर्जा नगर व खुर्जा देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन महिला का पति अपीश्वर फिलहाल फरार है। ऐसे में हत्या की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

घटनास्थल से पुलिस को कई अहम सुराग भी मिले हैं। दो अलग-अलग जगहों पर सात पैकेट चिप्स, एक कोल्ड ड्रिंक, पानी की बोतल, एक पराठा और एक सेब मिला है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी टूटे हुए हालत में पड़े मिले। जमीन पर पड़े सरल और बच्ची सावंती के शवों की गर्दन पर रस्सी के निशान पाए गए हैं, जबकि महिला देवी सरकार का शव पेड़ से रस्सी के फंदे से लटका हुआ मिला।

पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे मृतक
पुलिस के अनुसार मृतक महिला देवी सरकार मूल रूप से पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के पूर्वा मल्लापूरा गांव की रहने वाली थी। वह अपने पति अपीश्वर के साथ खुर्जा की एक पॉटरी फैक्ट्री में मजदूरी करती थी। वहीं मृतक युवक सरल सरकार देवी सरकार का देवर था और वह भी खुर्जा की दूसरी पॉटरी इकाई में मजदूरी करता था।

फिलहाल पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।