सीएम धामी ने अपने खेत में उगाए धान के चावल पूर्व सीएम हरीश रावत को किए भेंट…

Dehradun: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से उनके डिफेंस कॉलोनी स्थित आवास पर मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने अपने खेत में उगाए गए धान से तैयार चावल उन्हें भेंट किए।

उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व मुख्यमंत्री धामी ने अपने खेत में स्वयं हल चलाकर धान की रोपाई की थी, जिस पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उस समय राजनीतिक तंज कसा था। अब उसी खेत की उपज को भेंट कर मुख्यमंत्री ने सियासत से ऊपर उठकर आत्मीयता और परंपरा का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह भेंट उत्तराखंड की कृषि परंपरा, किसानों की मेहनत और स्थानीय उत्पादों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य की पहचान को मजबूत करने में कृषि और किसानों की भूमिका अहम है।